अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष ने खोराबार आवासीय टाउनशिप और मेडिसिटी परियोजना का निरीक्षण किया। उपाध्यक्ष ने निर्माण एजेंसी गैलेंट लाइफ स्पेस के निदेशक शोभित अग्रवाल को निर्देशित किया कि सेक्टर-एक, दो और तीन के भूखंडों का विकास एक माह में पूर्ण किया जाए, ताकि अगले 90 दिनों में आवंटियों को कब्जा दिया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने सेक्टर-1, 2, 3 और 4 के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रोटरी से क्लीनिक लेन की ओर जाने वाली 24/18 मीटर चौड़ी सड़क का निरीक्षण करते हुए बाधक बाउंड्रीवॉल को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने माइवान तकनीक से निर्माणाधीन एमआईजी भवनों का भी निरीक्षण किया। बताया गया कि 250 टावरों का निर्माण 11वीं मंजिल तक और तीन टावरों का निर्माण पांचवीं मंजिल तक प्रगति पर है।
उपाध्यक्ष ने एक सैंपल फ्लैट तैयार करने के निर्देश दिए और मेसर्स भारत नगर हाउसिंग के प्रतिनिधियों से कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने को कहा। अंत में उन्होंने मिनी एमआईजी, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस भवनों काे देखा। निर्देश दिया कि प्रत्येक श्रेणी के भवनों के कम से कम एक ब्लॉक का निर्माण 90 दिनों में पूरा कर आवंटियों को कब्जा दिलाया जाए। निरीक्षण के दौरान सचिव पुष्प राज सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह, अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप, प्रभारी अधिशासी अभियंता संजय सिंह, सहायक अभियंता एके तायल और धर्मेश गुप्ता, अवर अभियंता रोहित पाठक सहित अन्य तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।