- गोला के चक महेशपुर में पहले लाठी डंडों से हमला, फिर अगले दिन घर पर पथराव करने का आरोप
गोला। गोला थाना क्षेत्र के चक महेशपुर गांव में विवाद को लेकर युवक से मारपीट और उसके घर पर पथराव का मामला सामने आया है। पीड़ित इमरान का आरोप है कि 10 अगस्त की शाम छह लोगों ने उसे अकेला पाकर लाठी-डंडों और लात-मुक्कों से पीटा। इस दौरान उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर भी डाल दिया गया।
अगले दिन उसके घर पर ईंट-पत्थर चलाने का भी आरोप है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चक महेशपुर निवासी इमरान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 अगस्त की शाम करीब सात बजे वह अकेला था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी मेराज अंसारी, शहंशाह, सलमान खान, परवेज और दो अन्य लोग वहां पहुंचे। सभी ने लात-मुक्कों और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर भी डाल दिया। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। इमरान का आरोप है कि 11 अगस्त की सुबह करीब छह बजे आरोपियों ने उसके घर पर ईंट-पत्थर चलाकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। सूचना पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।