कमिश्नर अनिल ढींगरा ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों को निर्देश दिया कि मेले से जुड़े सभी कार्य 15 दिसंबर तक पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने मेले में आग से सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि खिचड़ी का मेला इस क्षेत्र का सबसे बड़ा मेला होता है जिसको लेकर पार्किंग व्यवस्था, अलाव एवं सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी से भी करायी जाए इसके साथ ही पुलिस भी जगह-जगह तैनात रहे। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस की तैनाती की जाए।
नगर निगम की ओर से अस्थायी शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था रहे। चिकित्सा विभाग अस्थायी अस्पताल के साथ जगह-जगह पर एंबुलेंस तैनात रखे। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न स्टालों की ओर से प्रयोग की जा रही विद्युत वायरिंग की भी जांच कर लें जिससे कोई घटना न होने पाए। उन्होंने निर्देश दिया कि नालियों को कवर किया जाये।
इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, डीआईजी एस चन्नपा,एसएसपी राजकरन नैयर सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।