ऑल इंडिया प्राइज मनी लक्ष्य चैंपियंस ट्राफी प्रतियोगिता के सभी मुकाबले आईपीएल की तरह रोमांचक होंगे। आयोजकों की ओर से मैच के मनोरंजक बनाने के लिए इसके प्रारूप को 20-20 ओवरों में परिवर्तित किया गया है।
वहीं आईपीएल और रणजी मैच के सितारे क्रिकेट में अपना जलवा बिखेरेंगे। रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाले सभी मुकाबलों में थर्ड अंपायर भी मौजूद रहेंगे। बाकायदा इसके लिए मैदान में कैमरे लगाए जाएंगे। उद्घाटन मैच डीएएससीबी नई दिल्ली और बिहार क्रिकेट संघ के बीच खेला जाएगा।
लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष डॉ. राजेश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में देश की प्रतिष्ठित आठ दिग्गज टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। विजेता टीम को तीन लाख, उपविजेता को दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला के हाथों सुबह 10 बजे रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर होगा।
सचिव डॉ. त्रिलोक रंजन ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन पहली मार्च को होगा। प्रतियोगिता में शामिल आठ टीमों को दो पुल में विभाजित किया गया है। प्रत्येक पुल से दो-दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मशहूर क्रिकेटर चेतन शर्मा होंगे।
ये टीमें होंगी शामिल
सीएजी दिल्ली, डीएएससीबी, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन उत्तराखंड, नागपुर विदर्भ, पूर्वोत्तर रेलवे, एलसीयूपी और लक्ष्य एकेडमी गोरखपुर।