निचलौल। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत परागपुर स्थित ग्राम सचिवालय में गणना प्रपत्र वितरण के बारे में जानकारी ली। डीएम ने ग्रामीणों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और त्रुटियों को सुधारने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। ऐसे में बीएलओ को हर घर जाकर पात्र मतदाताओं की जानकारी एकत्र करने और किसी भी प्रकार की चूक न होने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान मतदाताओं को गणना प्रपत्र भी वितरित किए गए। इतना ही नहीं पात्र नागरिकों को सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचक नामावली में सभी अर्ह मतदाताओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक घर जाकर इन प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित करें, ताकि पात्र मतदाता आसानी से फॉर्म भरकर समय से जमा कर सकें। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, बीएलओ रवि कुमार श्रीवास्तव और किरण पटेल उपस्थित रहे।