राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव सुबह 11:45 बजे निजी विमान से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे समाजवादी रथ से देवकही के लिए रवाना होंगे। करीब दो बजे गांव पहुंचकर अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही दिवंगत विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू ने किया है।
एयरपोर्ट से देवकही तक प्रस्तावित रोड शो सदर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर सपा कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत की तैयारी की गई है। कार्यकर्ता फूल-मालाओं से अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। पार्टी इस आयोजन के जरिये गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की तैयारी में है।
देवकही में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अखिलेश यादव धर्मशाला बाजार स्थित तिवारी हाता जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 3:30 बजे देवकही से कार द्वारा रवाना होकर 3:45 बजे तिवारी हाता पहुंचेंगे। यहां पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से मुलाकात करेंगे। करीब आधे घंटे रुकने के बाद शाम 4:15 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। शाम 4:45 बजे निजी विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।