निजी कंपनी के मोबाइल नेटवर्क में खामी से लोगों को उठानी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बृहस्पतिवार को निजी दूरसंचार कंपनी एयरटेल का नेटवर्क चार घंटे घंटे तक प्रभावित रहा। इसकी वजह से कंपनी के हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर ढ़ाई बजे के बाद नेटवर्क सही हुआ और फिर से नेटवर्क शुरू हो सका।
सुबह करीब साढ़े 9 बजे एकाएक एयरटेल कंपनी के प्रीपेड उपभोक्ताओं के मोबाइल में नेटवर्क में गड़बड़ी की वजह से फोन नहीं लग रहे थे। इंटरनेट की कनेक्टिविटी भी ठप हो गई। पोस्टपेड उपभोक्ताओं के साथ भी यही दिक्कत रही। अचानक नेटवर्क जाने से उपभोक्ता परेशान हो गए। तमाम उपभोक्ताओं ने इसकी वजह जानने के लिए कस्टमर केयर हेल्पलाइन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वहां भी संपर्क नहीं हो सका।
रुस्तमपुर के नीरज सिंह ने बताया कि सुबह घर से दफ्तर निकलने में थोड़ी देर हो गई। फोन कर दफ्तर में सूचना देनी चाही तो फोन ही नहीं लगा। उन्होंने दोबारा फोन मिलाया तो पता चला कि नेटवर्क ही चला गया है। मोबाइल को कई बार ऑन-ऑफ करके देखा, लेकिन कनेक्टिविटी नहीं आई। मोबाइल कंपनी के श्रीनिवासन ने बताया कि कुछ तकनीकी खामी की वजह से थोड़ी दिक्कत हुई थी। दोपहर में स्थिति सामान्य हो गई।