गोरखपुर। रामगढ़ताल इलाके के गोपालपुर मोहल्ले में तीसरी मंजिल पर करवा चौथ की पूजा के दौरान कथा सुन रही 45 वर्षीय विजया चौहान की नाक पर एयरगन का छर्रा लग गया। अचानक हुए इस हादसे में वह लहूलुहान हो गईं। परिवार के लोग उन्हें लेकर रामगढ़ताल थाने पहुंचे, जहां से महिला सिपाही उन्हें जिला अस्पताल ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद रात करीब 10:30 बजे उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मौके से मिला छर्रा कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विजया चौहान के पति आलोक चौहान मोहल्ले में किराना और अंडे की दुकान चलाते हैं। बृहस्पतिवार को करवा चौथ की कथा के दौरान विजया परिवार की महिलाओं और किराएदारों के साथ घर की तीसरी मंजिल पर बैठी थीं। इसी दौरान पूरब दिशा से आया छर्रा उनकी नाक पर लगा। अचानक खून निकलने से छत पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए डायल 112 पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद करीब आधे घंटे बाद वे खुद विजया को लेकर रामगढ़ताल थाने पहुंचे। परिवार ने छत पर पड़ा एक छर्रा भी पुलिस को सौंपा है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एयरगन से छर्रा लगने की बात सामने आई है। रामगढ़ताल पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। छर्रा किसने और किस दिशा से चलाया, इसकी जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।