गोरखपुर एयरफोर्स के बैरक से मोबाइल फोन व सामानों की चोरी एयरफोर्स कर्मी ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर चोरी के सात मोबाइल फोन व अन्य सामान को बरामद कर लिया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान हरियाणा के जिंद जिले के सदर थाना क्षेत्र के निडानी निवासी सन्नी कुमार के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक रणधीर मिश्रा ने बताया कि 17 मार्च को जूनियर वारंट अफसर इंद्रजीत सिंह ने केस दर्ज कराया था। बताया कि एयरफोर्स के बैरक से वायु सैनिकों के सामान की चोरी हुई है। पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी थी।
बुधवार को इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी इंचार्ज अवधेश मिश्रा की टीम ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एयरफोर्स में एमटीएस का कर्मचारी है। 17 मार्च को अपना काम करने के बाद टहल रहा था कि देखा कि एयरफोर्स कैंपस के बैरक का एक कमरा अधखुला सा है। पास जाकर कमरा बंद करने के बारे में सोचा, लेकिन जब वहां जाने पर बैरक में मोबाइल, तीन ब्लूटूथ इयरफोन व 1 डिजिटल स्मार्टवाच देखी तो लालचवश चोरी कर ली।