- स्थापना दिवस पर एम्स अध्यक्ष डॉ. हेमंत कुमार करेंगे उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। पाचन तंत्र से जुड़ी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए एम्स में 11 जुलाई से अत्याधुनिक गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सेवाओं की शुरुआत होने जा रही है। संस्थान के सातवें स्थापना दिवस पर एम्स के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. हेमंत कुमार इसका उद्घाटन करेंगे।
एम्स के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के अनुसार, पश्चिमी ब्लॉक की चौथी मंजिल पर 15 बेड का गैस्ट्रोएंटरोलॉजी आईपीडी वार्ड तैयार किया गया है। इस नई सुविधा के शुरू होने से पूर्वांचल के मरीजों को कम खर्च में उच्चस्तरीय उपचार उपलब्ध हो सकेगा। एंडोस्कोपी और कोलोनोस्कोपी जैसी महत्वपूर्ण जांचें मात्र 200 रुपये में उपलब्ध कराई जाएंगी। निजी अस्पतालों में इन जांचों पर मरीजों को कई हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में यह सुविधा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के प्रभारी डॉ. सौरभ केडिया ने बताया कि नए वार्ड के साथ एंडोस्कोपी, एडवांस एंडोस्कोपी और ईआरसीपी जैसी आधुनिक जांच एवं उपचार सुविधाएं भी शुरू होंगी। इन तकनीकों के माध्यम से भोजन नली, पेट, छोटी आंत, यकृत, अग्न्याशय और पित्त नलिकाओं से जुड़ी जटिल बीमारियों का प्रभावी इलाज किया जा सकेगा। इसके अलावा खून की उल्टी, पीलिया और आंतों से संबंधित गंभीर रोगों के मरीजों को भी विशेषज्ञ उपचार मिलेगा।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी आईपीडी वार्ड पूरी तरह तैयार है। स्थापना दिवस के अवसर पर इसका औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। संस्थान का उद्देश्य मरीजों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध कराना है।
- डॉ. विभा दत्ता, कार्यकारी निदेशक, एम्स