कार्यकारी निदेशक ने हॉस्टल की सुविधाओं का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. जीके पाल ने बृहस्पतिवार को गर्ल्स हॉस्टल का निरीक्षण किया। इस दौरान बाथरूम में गरम पानी नहीं आने, फ्लश ठीक नहीं होने समेत कई कमियां मिलीं। तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। उन्होंने छात्राओं से अपनी समस्याएं तत्काल बनाने की बात कहीं।
कार्यकारी निदेशक बुधवार को जब मेस में भोजन का निरीक्षण करने पहुंचे थे, तभी कुछ छात्राओं ने हॉस्टल की दिक्कतों से अवगत कराया था। बृहस्पतिवार की शाम को वह अचानक गर्ल्स हॉस्टल पहुंच गए। उन्होंने कमरों से लेकर पूरे परिसर का निरीक्षण किया और समस्याओं की जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि इतनी सर्दी में भी नहाने के लिए गर्म पानी नहीं मिलता। इस पर उन्होंने गीजर ठीक कराने का निर्देश दिया। कई जगह फर्श की टाइल्स व टोटी आदि को बदलने की जरूरत बताई गई, जिस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
बुधवार को मेस का भी किया था निरीक्षण
इससे पहले कार्यकारी निदेशक ने बुधवार को मेस का निरीक्षण किया था। वहां कमियां मिलने पर मेस संचालक को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए थे। इसके अलावा भोजन के मेन्यू में हरी सब्जियों को भी शामिल करने को कहा था। बृहस्पतिवार को इसका असर दिखा और भोजन की व्यवस्था में सुधार हुआ।
-
कोट
छात्राओं ने हॉस्टल में कई दिक्कतों की शिकायत की थी। इसकी जांच के लिए हॉस्टल गया था। वहां गरम पानी नहीं मिलने, कुछ बाथरूम में टाइल्स टूटा होने, फ्लश काम नहीं करने, सफाई आदि की दिक्क्त है। इसे तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं। छात्राओं से कहा गया है कि किसी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत जानकारी दें, जिससे कि उनका निराकरण कराया जा सके।
- डॉ. जीके पाल, कार्यकारी निदेशक, एम्स