गोरखपुर। एम्स के सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां 65 वर्षीय मरीज के लगभग पांच सेंटीमीटर बड़े किडनी स्टोन को लेप्रोस्कोपी तकनीक से निकाल दिया गया। सर्जरी के बाद मरीज स्वस्थ है और तेजी से रिकवरी कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, मरीज बाईं कमर में रुक-रुक कर दर्द और पेशाब में खून की शिकायत लेकर सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग के डॉ. धर्मेंद्र कुमार पिपल के पास पहुंचा था। जांच के दौरान सीटी यूरोग्राफी और अल्ट्रासाउंड में बाईं किडनी के रीनल पेल्विस में बड़ा स्टोन पाया गया। किडनी के कार्यरत होने के कारण समय पर सर्जरी जरूरी थी। आमतौर पर इतने बड़े स्टोन के लिए ओपन सर्जरी की जाती है, जिसमें बड़े चीरे के साथ दर्द, रक्तस्राव और संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में विशेषज्ञों ने विचार-विमर्श के बाद लेप्रोस्कोपी सर्जरी का निर्णय लिया।
सर्जरी पांच से 10 मिमी के छोटे छिद्रों के जरिये की गई, जिससे मरीज को कम दर्द, न्यूनतम रक्तस्राव और कम समय में रिकवरी का लाभ मिला। इस सर्जरी का नेतृत्व डॉ. पिपल ने किया, जबकि डॉ. सलमान खान और डॉ. एलन फिलिप ने सहयोग किया। यह प्रक्रिया विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता के मार्गदर्शन में पूरी हुई।
एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की उन्नत चिकित्सा सेवाओं और उत्कृष्ट टीमवर्क का प्रतीक है।