डॉ. शुभांगी चतुर्वेदी ने लिया पहला दाखिला, किया गया स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एम्स के बाल रोग विभाग में इस सत्र से नवजात शिशु विज्ञान विषय में डीएम की पढ़ाई शुरू हो गई है। सोमवार को पहली विद्यार्थी डॉ. शुभांगी चतुर्वेदी का कार्यकारी निदेशक डॉ. जीके पाल ने स्वागत किया। इस अवसर पर दीप जलाकर सत्र की शुरुआत की गई। डॉ. शुभांगी ने महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी से एमडी की डिग्री हासिल की हैं।
कार्यकारी निदेशक ने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य संस्थान की गुणवत्ता का आकलन, उस संस्थान द्वारा दी जा रही सेवाओं से किया जा सकता है। इसलिए बाल रोग विभाग का विकास संस्थान के विकास के लिए आवश्यक है। नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुपर स्पेशलिस्ट से मिल सके इसी दिशा में यहां डीएम (डॉक्टरेट ऑफ मेडिसिन) की पढ़ाई महत्वपूर्ण है। बाल रोग विभागाध्यक्ष प्रो. महिमा मित्तल ने विभाग में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम का समापन निदेशक द्वारा डीएम पाठ्यक्रम की छात्रा को विषय संबंधी पुस्तक स्मृति चिह्न के रूप प्रदान कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. अजय भारती, डीन स्टूडेंट वेल्फेयर प्रो. शिखा सेठ, डीन अनुसंधान प्रो. एचएस जोशी, पीआरओ डॉ. अरूप मोहंती आदि मौजूद रहे।