मतदान करने जाते सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
जनता को यह सुखद अनुभूति होगी देश में पीएम मोदी एक बार फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे और उत्तर प्रदेश इसमें अपनी भूमिका का पूरी मजबूती से निर्वहन करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोगों ने 10 वर्षों में बदलते हुए भारत को तथा पिछले 7 वर्षों में डबल इंजन की सरकार में नए उत्तर प्रदेश का दर्शन किया है।
यहां युवाओं के लिए, किसानों के लिए, व्यापारियों के लिए, महिलाओं के लिए और समाज के हर तबके के लिए सुरक्षा, सम्मान और विकास की भावना से जो कार्य मोदी जी के नेतृत्व में हुआ है, उससे जनता का आशीर्वाद मोदी जी को भारतीय जनता पार्टी को पूरे प्रदेश के अंदर देश के अंदर प्राप्त हुआ है और हो रहा है।
मौसम की अग्नि परीक्षा में भी कम नहीं हुआ मतदाताओं का उत्साह
सीएम योगी ने प्रतिकूल मौसम के बावजूद मतदाताओं के उत्साह के लिए हृदय से उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस समय तापमान 50 डिग्री का आसपास जा रहा है। इसके बावजूद मतदान के लिए जनता का उत्साह कम नही रहा। बल्कि जनता ने और आगे बढ़कर लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान दिया है।
सीएम ने कहा कि 50 डिग्री का टेंपरेचर कभी यहां लोगों ने नहीं देखा। प्रकृति परीक्षा ले रही है। प्रकृति की इस परीक्षा में हम सबको खरा उतरना होगा। जनता जनार्दन को अपने आप को साबित करना होगा कि अग्नि परीक्षा के इस दौर में हम लोकतंत्र को और मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि हालांकि आज सातवें चरण के मतदान के दिन प्रातः काल मौसम बहुत सुहावना हो गया है। मतदाताओं से अपील है कि सुहावने मौसम का आनंद लेकर मतदान करें। सीएम ने कहा कि जाति, मत महजब से ऊपर उठकर विकसित और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए, आगामी तीन वर्षों में देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए, सभी नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए जनता जनार्दन का आशीर्वाद मोदी जी और भाजपा को प्राप्त हो रहा है।
सीएम योगी मतदान करते समय
- फोटो : अमर उजाला
नारी शक्ति का शत प्रतिशत आशीर्वाद पीएम मोदी के साथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की इस महापुर में आधी आबादी का सत प्रतिशत आशीर्वाद पीएम मोदी को मिल रहा है इसके लिए कारण गिनाते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सम्मान और स्वावलंबन के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने शक्ति वंदन अधिनियम, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना आदि योजनाओं से नारी सशक्तिकरण को नई दिशा दी है।
हार से पस्त होकर गुमराह करने वाले दलों के बहकावे में न आएं युवा
सीएम योगी ने युवा मतदाताओं से कहा उन्हें अपने उज्जवल भविष्य के लिए पीएम मोदी की संकल्पना से जुड़कर बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर युक्त नए भारत, दुनिया में सम्मान प्राप्त कर रहे नए भारत को आगे बढ़ाने के अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो दल, जो लोग अपनी हार से पस्त होकर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, उनके बहकावे में नहीं आना चाहिए। आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य में ही हम सबका भविष्य उज्जवल है और युवाओं को भी इसी लक्ष्य के प्रति मतदान करना चाहिए।
भोग भ्रष्टाचार में लिप्त लोग नहीं समझ सकते पीएम की आध्यात्मिक साधना का महत्व
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आध्यात्मिक-राष्ट्र साधना पर विपक्षी दलों के नेताओं की तरफ से दिए जा रहे बयानों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। इस संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बिना थके, बिना डिगे, बिना रुके भारत माता की सेवा करने वाले पीएम मोदी की आध्यात्मिक आराधना पूरी तरह राष्ट्र आराधना है। पर जो लोग भोग में लिप्त हैं, भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, अनाचार और दुराचार में लिप्त हैं, वे लोग आध्यात्मिक आराधना के महत्व को नहीं समझ सकते।
अच्छा है, चार जून के पहले ठंडई पी लें इंडी गठबंधन के नेता
इंडी गठबंधन के दलों की आज होने वाली समीक्षा बैठक के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि अच्छा है कि इंडी गठबंधन के दलों के नेता 4 जून के पहले आज बैठकर ठंडई पी लें। क्योंकि, इस गठबंधन में जितने दल हैं 4 जून के बाद उतने ही फाड़ होने वाले हैं। ये सभी तब एक-दूसरे के ऊपर दोषारोपण करेंगे, एक दूसरे को गाली देंगे। अच्छा है उससे पहले एक बार ठंडई पी लें, जिससे गालीगलौज कम हो।
माफिया को गले की हार बनाने वाली सपा की लोकतंत्र में कोई निष्ठा नहीं
समाजवादी पार्टी की तरफ से मतगणना से पहले अपने कार्यकर्ताओं की तरफ से ईवीएम की रखवाली कराने, निर्वाचन आयोग की मंशा पर प्रकारणतर में उठाए गए सवाल पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया व्यक्त की। सीएम योगी ने कहा कि जिनको प्रदेश में 80 सीटों पर उम्मीदवार नहीं मिले उन्हें किसी न किसी पर दोषारोपण तो करना ही है।
ये लोग ईवीएम पर दोषारोपण करते करते थक चुके हैं। अब निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाकर लोकतंत्र का मखौल उड़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने निशाना साधते हुए कहा कि कौन नहीं जानता है कि लोकतंत्र में इनकी कोई निष्ठा नहीं है। माफियाओं, आतंकवादियों को गले का हार बनाने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी से निर्वाचन की प्रक्रिया को संपन्न करा रहा है।