गोरखपुर। शहर के रामगढ़ताल किनारे प्रदेश सरकार की ओर से 49 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए वाटर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स से अब बेहतर परिणाम मिलने लगे हैं। रामगढ़ताल में बीते तीन वर्षों में राष्ट्रीय स्तर की चार बड़ी रोइंग प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हो चुका है। इसके अलावा यहां एशियाड 2026 की तैयारी के लिए राष्ट्रीय महिला रोइंग टीम का विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जा चुका है।
वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने के बाद रामगढ़ताल उत्तर भारत में रोइंग प्रतियोगिताओं के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया भी यहां की बेहतर सुविधाओं और मानक अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए प्रतियोगिताओं के आयोजन में विशेष प्राथमिकता दे रहा है। फेडरेशन की ओर से यहां रोइंग एकेडमी स्थापित करने की तैयारी भी की जा रही है।
रामगढ़ताल में पहली बड़ी प्रतियोगिता मई 2023 में आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की रोइंग स्पर्धा थी, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों के करीब ढाई सौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद अक्तूबर 2024 में यहां सब जूनियर राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता आयोजित हुई थी।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और बेहतर सुविधाओं को देखते हुए इस साल मार्च में एशियाड की तैयारी के लिए राष्ट्रीय महिला रोइंग टीम का प्रशिक्षण शिविर भी रामगढ़ताल में आयोजित किया गया। यह पहला अवसर था जब उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय रोइंग प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी मिली। मई माह में आयोजित अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग और फिर 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप ने रामगढ़ताल को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर रामगढ़ताल देश के बेहतरीन रोइंग वेन्यू में शामिल हो चुका है। लगातार हो रहे राष्ट्रीय आयोजन इस बात का प्रमाण है।