गोरखपुर। गोला इलाके में एटीएम से रुपये निकालकर लौटते समय 25 हजार रुपये बाइक सवारों लूटे जाने की घटना फर्जी निकली। जांच में पता चला कि युवक ऑनलाइन गेम में पिता के खाते से 25 हजार रुपये हार गया था, जिस वजह से उसने झूठी साजिश रची और पुलिस को फर्जी जानकारी दे डाली। बैंक रिकॉर्ड, सीसी टीवी कैमरा और मोबाइल सीडीआर की मदद से पुलिस ने घटना का खुलासा किया है। केस दर्ज कराने वाले युवक पर पुलिस झूठी सूचना देने का केस दर्ज कर सकती है।
जानकारी के मुताबिक, गोला निवासी राजीव गौड़ ने 24 मार्च को डायल 112 पर लूट की सूचना दी। उसने पुलिस को बताया कि दिन में एटीएम से करीब 25 हजार रुपये निकालकर अपने घर जा रहा था कि उसके गांव के रास्ते पर बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्ति आए और उससे 25 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। सूचना के आधार पर थाना गोला थाने में तत्काल केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए साक्ष्य संकलन किया तो कुछ और ही मामला सामने आया।
जांच में पता चला कि व्यक्ति द्वारा घटना वाली तारीख को एटीएम से किसी भी प्रकार का लेनदेन नहीं किया गया था। व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से गेम खेलता था, जिसमें उसने अपने पिता के खाते को जोड़ दिया था, जिसमें 25 हजार रुपये खर्च हो गए थे। इससे बचने के लिए व्यक्ति द्वारा लूट की झूठी सूचना दी गई थी। एसपी साउथ जितेंद्र कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, बैंक स्टेटमेंट व बयान में इस बात का खुलासा हुआ कि ऑनलाइन गेमिंग में पैसे खर्च हो जाने के कारण घर वालों से बचने के लिए इस प्रकार की लूट की झूठी सूचना दी गई थी।