गुलरिहा थाना क्षेत्र के आयुष विश्वविद्यालय चौकी अंतर्गत एक गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला सामने आया है। प्रेमी के घर पहुंचकर एक युवती शादी की जिद पर अड़ गई। इससे वहां स्थित तनावपूर्ण हो गई।
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा है।
इसी बीच युवक के परिजन उसकी शादी कहीं और तलाशने लगे थे। इस बात की जानकारी मिलने के बाद युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और शादी की जिद पर अड़ गई। इसकी जानकारी होने पर युवती के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले जाने का प्रयास करने लगे।
आरोप है कि युवती ने परिजनों के साथ जाने से इन्कार किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इससे वह बेहोश हो गई। परिजन इस अंतरजातीय विवाह का विरोध कर रहे हैं और युवती की शादी कहीं अन्यत्र करना चाहते हैं। स्थिति को देखते हुए युवक के परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका के चलते स्थानीय पुलिस को लिखित सूचना दी है।
सूत्रों के अनुसार, बाद में युवती को उसके परिजन किसी रिश्तेदारी में ले गए हैं। घटना का एक वीडियो भी मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है। थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।