सिस्टम की उपेक्षा से परेशान प्रदेश के विभिन्न जनपदों के सैकड़ों लोग गोरखनाथ मंदिर स्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कैंप कार्यालय में पहुंचते हैं। शनिवार को उस समय सभी चौंक गए, जब छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव जिले की एक महिला फरियाद लेकर पहुंची।
मुख्यमंत्री योगी को संबोधित पत्र में महिला ने बताया कि छत्तीसगढ़ की सरकार उनकी नहीं सुन रही है। इसलिए वह मुख्यमंत्री के दरबार में आई हैं। मुख्यमंत्री का एक फोन उनके लिए संजीवनी का काम करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है।
छत्तीसगढ़ के राजनादगांव जिले के ममता नगर के वार्ड-19 निवासी अन्नू उर्फ अन्नपूर्ण राजपूत व लक्ष्मण तथा जगदीश ने मुख्यमंत्री को संबोधित प्रार्थना-पत्र गोरखनाथ मंदिर स्थित कार्यालय में दिया। इसमें कहा गया है कि दुर्ग संभाग के आयुक्त के आदेश की अनदेखी करते हुए वहां के नायब तहसीलदार ने एक पक्षीय कार्रवाई कर दी।
उन्होंने इसके खिलाफ कई अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे प्रार्थना-पत्र में अन्नू ने कहा कि यदि यहां से एक फोन हो जाएगा तो वहां के अधिकारी न्यायपूर्ण कार्रवाई करेंगे।