गोरखपुर। हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज व शासन-प्रशासन की ओर से इस प्रकरण में अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में जिले के अधिवक्ता, बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आवाह्न पर मंगलवार को भी न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने दीवानी कचहरी परिसर में मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक का पुतला जलाकर विरोध जताया।
बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय एवं मंत्री धीरेंद्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने दीवानी कचहरी परिसर में मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक का पुतला जलाकर विरोध जताया। वहीं जिला अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार त्रिपाठी एवं मंत्री योगेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में भी अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर के गेट नंबर एक पर मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक का पुतला जलाया।
अधिवक्ताओं ने मांग की कि इस घटना में संलिप्त दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ अविलंब केस दर्ज किया जाए। हापुड़ के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी का तत्काल स्थानांतरण हो। निर्दोष अधिवक्ताओं के ऊपर जो फर्जी केस दर्ज कराए गए हैं, उसे खत्म किया जाए। घायल अधिवक्ताओं का निःशुल्क इलाज और उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। बुधवार को भी बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आवाह्न पर अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।
इस मौके पर उमापति उपाध्याय, अभिमन्यु पांडेय, रवि प्रकाश शुक्ल, गिरिजेश मणि त्रिपाठी, अजय कुमार शुक्ल, मृत्युंजय सिंह, शिव व्रत राय, हरिओम पाठक, विपिन कुमार उपाध्याय, अजय स्वरूप पाठक आदि मौजूद रहे।