- रिश्तेदार को रिसीव करने पहुंचे अधिवक्ता को घेरकर की मारपीट
- बंदूक के बट से सीने और कमर पर हमला करने का आरोप
- मोबाइल तोड़कर डिलीट किया घटना का वीडियो
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर रिश्तेदार को रिसीव करने पहुंचे अधिवक्ता को आरपीएफ सिपाही और उसके तीन साथियों ने घेरकर पीट दिया। आरोप है कि विरोध करने पर अधिवक्ता के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई। बंदूक के बट से सीने और कमर पर वार किया गया। घटना से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने रेलवे स्टेशन के बाहर हंगामा करते हुए धरना शुरू कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो रेलवे ट्रैक जाम किया जाएगा। जीआरपी थाने में आरपीएफ सिपाही समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अधिवक्ताओं ने धरना समाप्त किया।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी अधिवक्ता प्रांजल कुमार दुबे ने पुलिस अधीक्षक, आरपीएफ को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि नौ नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे वह अपने रिश्तेदार को रिसीव करने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। आरएमएस के बगल से स्टेशन की सीढ़ियों की ओर जाते समय आरपीएफ सिपाही सूरज गौड़ ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि सिपाही ने आगे बढ़ने के लिए रुपये मांगे। विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता करने लगा और अपने तीन अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
अधिवक्ता के मुताबिक, चारों सिपाहियों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करते हुए घसीटकर अंदर ले गए। इस दौरान गाली-गलौज भी की गई। आरोप है कि उनके मोबाइल फोन को छीनकर उसमें मौजूद घटना का वीडियो डिलीट कर दिया गया। इसके बाद मोबाइल को जमीन पर पटककर तोड़ दिया। यहीं नहीं सिपाहियों ने बंदूक के बट से उनके सीने और कमर के पास वार किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर अन्य अधिवक्ता भी रेलवे स्टेशन पहुंच गए। उन्होंने आरोपी आरपीएफ सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर स्टेशन के बाहर हंगामा करते हुए धरना शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो रेलवे ट्रैक जाम किया जाएगा। जीआरपी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मामल में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।