उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर के महुली क्षेत्र के बसहिया गांव निवासी अधिवक्ता की लाश शनिवार को घर से 500 मीटर दूर आम के पेड़ से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटकती हाल में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्म हत्या का मामला मान रही है। फोरेसिंक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
क्षेत्र के बसहिया निवासी 55 वर्षीय अनिल यादव पुत्र स्वर्गीय सुरेश चंद्र यादव दीवानी न्यायालय में वकालत करते थे। शनिवार की सुबह अधिवक्ता अनिल यादव का शव घर से करीब 500 मीटर पश्चिम स्थित सीवान में आम के पेड़ से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटकते हाल में कुछ ग्रामीणों ने देखा।
अधिवक्ता के साले गोरखपुर के खजनी क्षेत्र के रूद्रपुर निवासी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम को जीजा अनिल यादव से किसी बात को लेकर पत्नी दीपा व पुत्र अभिजीत से कहासुनी हुई थी। उसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गए थे। जिसकी जानकारी बहन ने उन्हें मोबाइल पर दी थी।