दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में एमएड सत्र 2020-22 में प्रवेश सात जनवरी से शुरू होगा। मेरिट के आधार पर नौ जनवरी तक प्रवेश सुबह 10 बजे से दो बजे तक होगा।
शिक्षाशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. एनपी भोक्ता ने बताया कि सात जनवरी को सामान्य वर्ग, विशेष संवर्ग ईडब्लूएस की मुख्य सूची में शामिल विद्यार्थियों को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। आठ जनवरी को सामान्य वर्ग प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थियों को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और अन्य पिछड़ा वर्ग, एससी-एसटी मुख्य सूची में शामिल विद्यार्थियों को 12:30 बजे से दोपहर दो बजे तक प्रवेश मिलेगा।
नौ जनवरी को अन्य पिछड़ा वर्ग, एससी-एसटी प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थियों का प्रवेश सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। मेरिट सूची विभाग में लगा दी गई है।
प्रो. भोक्ता ने बताया कि अभ्यर्थियों को सभी अंकपत्र, प्रमाण पत्र, वेटेज वाले सभी प्रमाण पत्रों की मूल कॉपी और स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ आधार कार्ड, दो फोटो लेकर आना अनिवार्य है। इसके अलावा 10 रुपये के स्टांप पेपर पर घोषणा पत्र भी संलग्न करना है, जिसमें उन्हें बताना है कि वे कहीं भी सरकारी व गैर सरकारी संस्थान में स्थायी या अस्थायी रूप से कार्यरत नहीं हैं।
एमपी महिला पीजी में प्रवेश अंतिम चरण में
महाराणा प्रताप महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामदत्तपुर में बीए प्रथम वर्ष ( हिंदी, अंग्रेजी, गृह विज्ञान, समाज शास्त्र, शिक्षा शास्त्र, राजनीति विज्ञान तथा इतिहास), बीकॉम प्रथम वर्ष तथा एमए प्रथम वर्ष ( शिक्षा शास्त्र, समाज शास्त्र तथा गृह विज्ञान ) में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में है। महाविद्यालय में एनसीसी की विशेष सुविधा उपलब्ध है। यह जानकारी कालेज की प्राचार्य डॉ. सुषमा श्रीवास्तव ने दी।
सेडिका: विधि की मौखिक परीक्षा सात व आठ को
सेंट एंड्रयूज कॉलेज के विधि प्रथम वर्ष (द्वितीय सेमेस्टर) एवं द्वितीय वर्ष (चतुर्थ सेमेस्टर) के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा सात व आठ जनवरी को सुबह 10 बजे से होगी। यह जानकारी प्राचार्य डॉ. जेके लाल ने दी।