- 15 से 26 नवंबर तक जापान के टोक्यो में आयोजित होगा डेफ ओलंपिक
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बैडमिंटन की गोल्डन गर्ल के नाम से मशहूर शहर की आदित्या यादव पदक लेकर लौटने के वादे के साथ बृहस्पतिवार को जापान की राजधानी टोक्यो में 15 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले डेफ ओलंपिक में प्रतिभाग के लिए रवाना हा गईं। आदित्या ने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई है। वह बैडमिंटन के सभी इवेंट में प्रतिभाग करेंगी।
आदित्या डेफ ओलंपिक में देश का नेतृत्व करते हुए बैडमिंटन की सिंगल्स, डबल्स, मिक्स डबल्स के साथ ही टीम इवेंट में भी खेलती नजर आएंगी। इस उपलब्धि पर शहरवासियों और बैडमिंटन प्रेमियों में खुशी की लहर है। उनकी रवानगी पर पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष अभय कुमार गुप्ता, नरसा महासचिव पंकज कुमार सिंह, सहायक क्रीड़ा अधिकारी चंद्र विजय सिंह, रेलवे के बैडमिंटन कोच व आदित्या के पिता दिग्विजय नाथ यादव, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर और बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष मंकेश्वर नाथ पांडेय, सचिव राजित श्रीवास्तव आदि ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
...............
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री कर चुके हैं सम्मानित
आदित्या वर्ष 2022 में ब्राजील डेफ ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अंतरराष्ट्रीय फलक पर छा गईं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों बाल पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी हैं। आदित्या को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सम्मानित कर चुके हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी सम्मानित किया है। इसके पहले पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आदित्या को पांच लाख रुपये देकर पुरस्कृत किया था।
...........
आदित्या को यहां मिले अंतरराष्ट्रीय मेडल
- ब्राजील डेफ ओलंपिक में टीम इवेंट में गोल्ड मेडल
- वर्ल्ड डेफ चैंपियनशिप टीम इंवेंट में गोल्ड मेडल
- तीसरे जूनियर वर्ल्ड डेफ चैंपियनशिप में सिंगल और डबल्स में सिल्वर मेडल
- एशिया पैसेफिक डेफ यूथ बैडमिंटन चैंपियनशिप के अंडर 21 गर्ल्स डबल्स में गोल्ड, सिंगल में सिल्वर और मिक्स डबल में ब्रॉन्ज मेडल,
- एशिया पैसेफिक डेफ यूथ बैडमिंटन चैंपियनशिप महिला डबल में गोल्ड और वुमेन सिंगल में ब्रॉन्ज मेडल