सड़क पर खड़े ठेले-खोमचे हटाए गए, एक हजार रुपये का चालान
अपर नगर आयुक्त बोले- अभियान लगातार जारी रहेगा
गोरखपुर। नगर निगम की ओर से सोमवार को रुस्तमपुर ढाले से ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी तक अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान माइक से मुनादी कर दुकानदारों और ठेला-खोमचा संचालकों को तत्काल अतिक्रमण हटा लेने तथा दोबारा सड़क पर कब्जा न करने की चेतावनी दी गई। प्रवर्तन दल ने सड़क के किनारे खड़े ठेले-खोमचे हटवाए और सड़क पर किए अतिक्रमण को साफ कराया।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब एक हजार रुपये का चालान भी किया गया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम का अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।