छह और कंपनियों से भी हो रही बातचीत
बीते 30 नवंबर को गीडा के स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए उद्यमियों ने मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद जरूरत के अनुसार फैक्टरी के लिए जगह भी देखी थी। सीमेंट की फैक्टरी लगाने वाले कई उद्यमियों को धुरियापार की जमीन पसंद आई। धुरियापार में मिक्सर प्लांट लगाने की तैयारी कर रहे गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सीमेंट के लिए कच्चा माल रेल के जरिए ही आता है। इसलिए सीमेंट से संबंधित फैक्टरियां वहीं लगेंगी, जहां रेल लाइन का सीधा जुड़ाव हो।
इसे भी पढ़ें: बदल रहा है गोरखपुर: लुलु मॉल के लिए चाहिए पांच एकड़ जमीन, एक हजार को मिलेगा रोजगार
सहजनवा-दोहरीघाट के बीच प्रस्तावित 81.17 किमी लंबी नई रेल लाइन के बनते ही धुरियापार इंडस्ट्रियल एरिया की किस्मत चमक जाएगी। इसी संभावना को देखते हुए गीडा प्रशासन ने यहां पहले चरण में 1600 एकड़ जमीन का अधिग्रहण शुरू भी कर दिया है। सीमेंट लगाने वाली कंपनियों के प्रतिनिधि जमीन देखकर जा चुके हैं। रेल लाइन का निर्माण शुरू होने के साथ ही फैक्टरियों की गतिविधियां भी बढ़ जाएंगी।
गीडा सीईओ अनुज मलिक ने कहा कि धुरियापार में अदाणी समूह समेत सात कंपनियों से सीमेंट फैक्टरी की स्थापना को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा हो रही है। कई लोगों ने सैद्धांतिक सहमति भी दे दी है। सहजनवा-दोहरीघाट की प्रस्तावित रेल लाइन के निर्माण से धुरियापार इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्टरी लगाने का काम शुरू हो जाएगा। प्रयास है कि नए साल की शुरुआत में कुछ कंपनियों को जमीन आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए।