जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अब पुराने अपराधियों की मौजूदा गतिविधियों का सत्यापन कराएगी। एसएसपी के निर्देश पर एक जनवरी 2021 से 15 अगस्त 2026 तक के रिकॉर्ड के आधार पर 28 थानों के 5371 अपराधियों की थानेवार सूची तैयार की गई है।
संबंधित थानेदार की निगरानी में बीट सिपाही और हलका दरोगा सूची में शामिल लोगों के घर पहुंचेंगे। उनके वर्तमान कामकाज, रहन-सहन और गतिविधियों की जानकारी जुटाकर रिकॉर्ड अपडेट किया जाएगा।
पुलिस यह भी पता लगाएगी कि सूची में शामिल लोग नौकरी, कारोबार, मजदूरी या किसी अन्य रोजगार से जुड़कर सामान्य जीवन जी रहे हैं अथवा दोबारा आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। पुराने साथियों से संपर्क, संदिग्ध गतिविधियों और अपराध की ओर लौटने के संकेत मिलने पर ऐसे लोगों की निगरानी बढ़ाई जाएगी।
सर्किलवार आंकड़ों में गोरखनाथ सबसे ऊपर है। यहां गोरखनाथ, शाहपुर और गुलरिहा थानों को मिलाकर 821 अपराधियों के नाम हैं। कैंट सर्किल 786 नाम के साथ दूसरे स्थान पर है। इसमें कैंट के 148, खोराबार के 242, रामगढ़ताल थाने के 273 और एम्स थाने के 123 अपराधी शामिल हैं। चौरीचौरा सर्किल में 701, कैंपियरगंज में 647, गोला में 589, गीडा में 433, खजनी में 431, बांसगांव में 527 और कोतवाली सर्किल में 436 नाम दर्ज हैं।