वीबी जी रामजी योजना में जिले के पांच ब्लॉकों में फर्जीवाड़ा सामने आया है। इसमें 24 लोगों पर कार्रवाई होनी है। इसमें 12 सचिव, आठ रोजगार सेवक और चार मेट शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मेट को हटा दिया गया है। रोजगार सेवकों पर कार्रवाई ग्राम पंचायत को करनी है। इसके साथ ही सचिव पर कार्रवाई की रिपोर्ट एक सप्ताह में बीडीओ को उपायुक्त श्रम रोजगार को सौंपनी है।
अमर उजाला में दो नवंबर को वीवी जी रामजी योजना में फर्जीवाड़ा, 24 पर होगी कार्रवाई शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद ब्लॉकों में हड़कंप मचा है। बता दें कि 30 अक्तूबर को ग्राम्य विकास आयुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा की थी। इसमें यह पता चला था कि अक्तूबर में जिले के बघौली ब्लॉक के छह, मेंहदावल के एक, नाथनगर के एक, सांथा के तीन एवं सेमरियावां के एक ग्राम पंचायत में 17 कार्यों के 37 मस्टररोलों पर एनएमएमएस एप पर श्रमिकों की अपलोड फोटो डुप्लीकेट प्रदर्शित हो रही है।
सीडीओ ने उपायुक्त श्रम रोजगार को निर्देश दिए हैं कि इसमें शामिल ग्राम पंचायतों के सचिव, रोजगार सेवक व महिला मेट पर कार्रवाई कर उन्हें अवगत कराएं। इधर उपायुक्त श्रम रोजगार ने बीडीओ को सचिव पर कार्रवाई कर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। उपायुक्त श्रम रोजगार प्रभात द्विवेदी ने बताया कि सभी बीडीओ को कार्रवाई कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा गया है। महिला मेट हटा दी गई हैं।