गोरखपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को यातायात पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 48 ई-रिक्शा का चालान किया गया। 11 वाहनों को सीज कर यातायात यार्ड भेज दिया गया।
एसपी यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में टीआई मनोज कुमार राय, टीआई वीर बहादुर सिंह, टीआई जगमोहन राय और यातायात पुलिस टीम ने काली मंदिर तिराहा, धर्मशाला चौराहा और शास्त्री चौराहा मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना फिटनेस, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, नाबालिग चालक और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने जांच के दौरान एक नाबालिग चालक को ई-रिक्शा चलाते हुए पकड़ा, जिसके वाहन को सीज कर दिया गया। वहीं, एक चालक नशे की हालत में ई-रिक्शा चलाते हुए मिला। यातायात पुलिस ने उसे पकड़कर वाहन को यातायात यार्ड में खड़ा कर सीज कर दिया।
एसपी यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान 212 ई-रिक्शा चालकों को शाम के समय हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के पालन को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।