बेलीपार। थाना बेलीपार पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों से घंटा चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 13 पीली धातु के घंटे बरामद किए हैं। मामला उस समय प्रकाश में आया जब ग्राम मलांव निवासी रामसजीवन पांडेय ने थाने में तहरीर देकर हनुमान मंदिर से घंटा चोरी होने की सूचना दी। जांच के दौरान अन्य मंदिरों से भी इसी तरह की चोरी की घटनाएं सामने आईं, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मलांव निवासी चंद्रेश गुप्ता बृहस्पतिवार की रात कसिहार मलांव बंधा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 13 घंटे बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।