दहेज हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने जांच की तो सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
मायके में महिला से रिश्तेदार ने किया था दुष्कर्म, वीडियो वायरल करने की देता था धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पीपीगंज पुलिस ने दुष्कर्म व खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि विवाहिता के मायके में जाने पर रिश्तेदार ने दुष्कर्म किया। फिर फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा था। इसी से आहत होकर महिला ने खुदकुशी कर ली थी, लेकिन मायके वालों ने दहेज हत्या का केस दर्ज कराया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की और साक्ष्यों के आधार पर सभी को निर्दोष पाते ही असल आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
आरोपी की पहचान कैम्पियरंगज के गोपालापुर छोटका निवासी शैलेंद्र कुमार के रूप में हुई है। एसओ आशीष सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले एक विवाहिता की फंदे से लटकी लाश मिली थी। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज किया। मामले की विवेचना सीओ ने की। जांच में पता चला कि घटना के समय पति बाहर था और सास-ससुर भी घर पर नहीं थे। गहराई से जांच में सामने आया कि महिला घटना से एक महीने पहले मायके गई थी।
पुलिस के अनुसार, उस दौरान रिश्तेदार शैलेंद्र कुमार भी वहां पर आया था और उसने महिला से दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया था। वहां से ससुराल आने पर शैलेंद्र लगातार महिला को फोन करता था। ससुर ने बातचीत करते देखा तो आपत्ति की थी, लेकिन किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इसी बीच आरोपी ने एक वीडियो होने और उसे वायरल करने की धमकी देने लगा। इसके बाद महिला ने खुदकुशी कर ली। जांच व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शैलेंद्र को आरोपी बनाया और उसकी तलाश में पुलिस टीम लगा दी। बुधवार को आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।