फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur: सिपाही मंगलदीप का अपहरण करने का आरोपी गिरफ्तार, रास्ते में की थी मारपीट, गाड़ी से कूदकर बचाई थी जान

Wed, 13 Jul 2022 11:54 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा कि सिपाही के अपहरण के मामले में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भिजवा दिया है।
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी उमेश साहनी। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर में सिपाही मंगलदीप यादव के अपहरण और मारपीट के आरोपी को कैंट पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने नौ जुलाई की रात सिपाही को उस वक्त जबरन गाड़ी में बैठा लिया था जब वह मुंशी प्रेमचंद्र पार्क के पास मारपीट की सूचना पर गए थे। आरोपी ने सिपाही को गाड़ी में बैठाने के बाद मारापीटा भी था। छात्रसंघ चौराहे के पास सिपाही ने गाड़ी से कूदकर जान बचाई थी।

विज्ञापन


गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को दूध मंडी-बेतियाहाता रोड से गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। पूछताछ में कुछ और आरोपियों का नाम सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपी की गाड़ी बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आजमगढ़ के कोतवाली इलाके के मातवगंज निवासी उमेश साहनी के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि सिपाही ने मारपीट करने से रोका था, इस वजह से उसे गाड़ी में जबरन बैठा लिया था।

जानकारी के मुताबिक, गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के बैदवली गांव निवासी मंगलदीप यादव की वर्तमान में ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी में तैनाती है। नौ जुलाई की रात लगभग 12:07 बजे वह ड्यूटी पर थे। इसी बीच किसी व्यक्ति ने मारपीट की सूचना दी। कहा कि मुंशी प्रेमचंद पार्क के पास कुष्ठ सेवा आश्रम के करीब कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं।  
विज्ञापन


 

विज्ञापन

सूचना पर मंगलदीप साथी सिपाही देवेंद्र यादव, अर्जुन शर्मा व अशोक यादव के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कुछ लोग मारपीट कर रहे थे। इससे एक व्यक्ति को चोट लगी थी। घायल को अस्पताल ले जाने की बात की जा रही थी। इसी दौरान मारपीट के आरोपी ने मंगलदीप यादव को जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया। सिपाही ने विरोध किया तो उस पर ईंट से हमला किया। खुद को सुरक्षित न देख मंगलदीप ने छात्रसंघ चौराहे के पास गाड़ी से कूदकर जान बचाई। कैंट पुलिस ने सिपाही की तहरीर पर लोकसेवक के काम में बाधा डालने, अपहरण, मारपीट, बलवा की धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

साथी सिपाही समझ ही नहीं पाए

साथ में गए सिपाही मारपीट वाले स्थान पर थे, इस बीच कुछ दूरी पर आए मंगलदीप का अपहरण हो गया। साथी सिपाहियों को इस बारे में पता चलता तब तक आरोपी मंगलदीप को लेकर छात्रसंघ चौराहे के पास पहुंच गए थे।

आरोपी का पीछा करते आजमगढ़ बार्डर तक पहुंच गए थे एसपी सिटी

घटना की जानकारी होने पर एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई रात में खुद अपनी गाड़ी दौड़ा दी। आरोपी का नंबर उनके हाथ लग गया था। सर्विलांस की मदद से वह आजमगढ़ बार्डर तक पहुंच गए थे, लेकिन इसके बाद संपर्क टूट गया। बाद में एसपी सिटी के आदेश पर कैंट पुलिस ने केस दर्ज किया और आरोपी को दबोच लिया।

सिपाही के अपहरण के मामले में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भिजवा दिया है। -कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी सिटी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें