कसिहार (गोरखपुर)। बेलीपार क्षेत्र में मीरा पांडेय की मौत के मामले में वांछित आरोपी रवि निषाद को पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से देसी तमंचा, दो कारतूस बरामद हुआ है। घायल आरोपी को पहले सीएचसी कौड़ीराम ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बेलीपार थाना क्षेत्र के मलाव गांव निवासी संतोष पांडेय ने 25 अक्तूबर को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 24 अक्तूबर को वह अपनी पत्नी मीरा पांडेय के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने उनकी पत्नी को जान से मारने की नीयत से धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने से मीरा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान चंदौली बुजुर्ग निवासी रवि निषाद और लालू उर्फ कृष्णा के नाम सामने आए। पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार तड़के करीब 3:20 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि रवि निषाद कसिहार बंधे के सायफन के पास मौजूद है। थानाध्यक्ष बेलीपार और एसओजी, स्वॉट, सर्विलांस व एंटी थेफ्ट टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है। दूसरे आरोपी की भी तलाश की जा रही है। जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- दिनेश पुरी, एसपी साउथ