सिकरीगंज क्षेत्र में 11 फरवरी की घटना, पुलिस ने भूमिधर सर्विस लेन के पास पकड़ा आरोपी
कुईं बाजार। सिकरीगंज क्षेत्र में 11 फरवरी को पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से 65 वर्षीय सीताराम का कार्ड बदलकर 2 लाख 10 हजार रुपये की ठगी के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को भूमिधर सर्विस लेन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी मोहित पासवान के पास से एटीएम कार्ड, चोरी की बाइक और 1500 रुपये बरामद किए। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के जद्दूपट्टी गांव निवासी सीताराम 11 फरवरी को पीएनबी एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान मौजूद आरोपी ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद आरोपी ने सिकरीगंज, महदेवा, उरुवा, बेलघाट और सोनौली क्षेत्र के एटीएम से लगातार 2 लाख 10 हजार रुपये निकाल लिए।
घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने सिकरीगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि देवरिया के गौरीबाजार मुकुंदपुर निवासी मोहित पासवान के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कुशीनगर के खड्डा, पटहेरवा और महराजगंज के पनियरा थाने में छह से अधिक मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक अंजुल कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी को भूमिधर सर्विस लेन के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से चोरी का एटीएम कार्ड, एक बाइक और 1500 रुपये नकद बरामद हुए।