गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सहजनवां इलाके के बनौली गांव में घर के बाथरूम में रखे पानी से भरे टब में शुक्रवार को डूबने से डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। थोड़ी देर बाद परिजनों की जब नजर पड़ी तो चीख पुकार मच गई। खुद को कोसते हुए मां बदहवास हो जा रही थी। आसपास के लोग भी बच्चे को देखकर लापरवाही पर परिवार को कोसते नजर आए।
जानकारी के मुताबिक, बनौली गांव निवासी गुड्डू यादव का डेढ़ वर्षीय पुत्र आयुष अभी घसीटकर चलता था। बाथरूम में कपड़े धोने के लिए टब में पानी रखा था। दरवाजा खुला होने से बच्चा घुटने के बल चल कर कमरे में पहुंच गया और पानी से भरे टब में गिरकर डूब गया।
इसे भी पढ़ें: दुल्हन निकली 420: सास को कमरे में बंद कर बहू जेवर लेकर चंपत, CCTV में कैद हुई घटना
कुछ देर बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। कहीं पर मासूम के नहीं मिलने पर परिजन बाथरूम के ओर गए तो बच्चा पानी में पड़ा हुआ था और उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। आनन-फानन परिजन पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बच्चे की इस तरह से मौत की सूचना पाकर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए थे।