पिपरौली (गोरखपुर)। गीडा थाना क्षेत्र के कालेसर-खरैला मार्ग पर सोमवार देर शाम सड़क हादसे में दो बुजुर्गों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सवारी से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में बेचन प्रजापति (75) और ई-रिक्शा चालक शिवकिरत सिंह (65) की मौत हो गई। चालक पिकअप लेकर भाग निकला। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, सहजनवां की ओर से ई-रिक्शा अड़िलापार की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह जुड़ियान की तरफ के मार्ग के पास पहुंचा, तेज गति से आ रहे पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में अड़ीलापार निवासी बेचन प्रजापति और ई-रिक्शा चालक शिवकिरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में बलिया निवासी 30 वर्षीय सृष्टि, उनकी तीन वर्षीय पुत्री रितेश तथा खरैला निवासी विनोद सिंह की पुत्री निवेदिता सिंह शामिल हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बोक्टा-जैतपुर मार्ग व गीडा पानी की टंकी से खरैला मार्ग तक कई छोटी-बड़ी सड़कें मुख्य मार्ग से जुड़ती हैं। इसकी वजह से यह क्षेत्र दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे दृश्यता कम होने और यातायात नियंत्रण के अभाव में आए दिन हादसे हो रहे हैं।
खरैला प्रधान ने सहजनवां विधायक को लिखा पत्र
खरैला ग्राम प्रधान चंद्र कुमार सिंह ने हादसे को रोकने के लिए सहजनवां विधायक को पत्र लिखकर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगवाने और पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उधर, गीडा थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कर पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है।