फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: बीआरडी मेडिकल कॉलेज जा रही एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, छह घायल

Sat, 20 Jun 2026 02:39 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
गुलरिहा (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार की मध्यरात्रि एक सरकारी एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक सहित छह लोग घायल हो गए। इनमें बुजुर्ग महिला मरीज और उसकी बहू की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीन घायलों का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
विज्ञापन

कुशीनगर जिले के तरया सुजान थाना क्षेत्र के गढ़या चिंतामन गांव निवासी फूलकली देवी (67) की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरया सुजान ले गए थे। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रविंद्रनगर रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सीय जांच के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया। इसके बाद परिजन सरकारी एंबुलेंस से उन्हें लेकर गोरखपुर रवाना हुए थे।
मरीज की बहू ममता देवी के अनुसार, रात करीब साढ़े 12 बजे एंबुलेंस रामपुर बुजुर्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी। इसी दौरान सड़क पर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एंबुलेंस में सवार सभी लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में फूलकली देवी के सिर में गंभीर चोट आई है। उनकी बहू ममता देवी के दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए, जबकि बेटी मंजू देवी के चेहरे पर चोट लगी है। एंबुलेंस चालक गणेश यादव निवासी रामनगर, थाना फरेंदा, जिला महराजगंज भी घायल हो गए। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी सुरेंद्र तथा सुरेश कुशवाहा को भी चोटें आई हैं।
विज्ञापन

घटना की जानकारी मिलने पर गुलरिहा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू कराया। वर्तमान में फूलकली देवी, ममता देवी और मंजू देवी का इलाज चल रहा है, जबकि चालक गणेश यादव, ईएमटी सुरेंद्र और सुरेश कुशवाहा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

बोले अधिकारी
प्रारंभिक जांच में एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर की बात सामने आई है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों से संबंधित जानकारी भी जुटानी शुरू कर दी है।
विज्ञापन

-रवि सिंह, सीओ गोरखनाथ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें