गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को शहर में रहेंगे। इस दौरान वह मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में प्रस्तावित वातानुकूलित महिला छात्रावास की आधारशिला रखेंगे। इस छात्रावास के लिए पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने 1366.80 लाख रुपये अपने सीएसआर फंड से स्वीकृत किया था।
अगस्त में दीक्षांत समारोह के दौरान एमएमएमयूटी और पावरग्रिड के बीच इस महिला छात्रावास के लिए एमओयू हुआ था। छात्रावास का नाम ''''पावर ग्रिड गर्ल्स हॉस्टल'''' रखा जाएगा। यह एसी हॉस्टल चार मंजिल का होगा और करीब 4000 वर्ग मीटर में इसका निर्माण होगा। सरस्वती महिला छात्रावास के पास इसका निर्माण कराया जाएगा।इस छात्रावास में छात्राओं के रहने के लिए लगभग 48 कमरे होंगे। प्रत्येक कमरे में तीन-तीन छात्राएं रहेंगी। हॉस्टल में मेस और डाइनिंग हॉल, इंडोर गेम्स हॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस हॉल, कंप्यूटर कक्ष, जिम, लिफ्ट आदि सुविधाएं भी होंगी। सभी सुविधाएं वातानुकूलित होंगी। एमएमएमयूटी इसमें अपने संसाधन से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से एयर कंडीशनर लगवाएगा।
इस संबंध में कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि एसी महिला छात्रावास का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को करेंगे। शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।