लॉकडाउन के बीच बिना आरोग्य एप डाउनलोड किए घर से निकलने पर कार्रवाई होगी। गोरखपुर में भी मोबाइल पर आरोग्य सेतू एप डाउनलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है। दरअसल, आरोग्य सेतु एप लांच हुए एक महीने से अधिक हो चुके हैं, बावजूद अभी तक पूरे जिले में अभी महज 4.50 लाख लोगों ने ही इस एप को अपने मोबाइल में डाउनलोड किया है, जबकि जिले में स्मार्ट फोन यूजर की संख्या 20 लाख से अधिक है।
ऐसे में प्रदेश के कई जिलों की तरह ही डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने गोरखपुर में भी मल्टीमीडिया मोबाइल फोन रखने वाले सभी लोगों के लिए आरोग्य सेतु एप अनिवार्य कर दिया है। रैंडम जांच में किसी के मोबाइल में एप नहीं मिला तो उसके खिलाफ महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई भी हो सकती है।
टीवी से लेकर अखबारों, होर्डिंग-बैनर समेत तमाम माध्यमों से प्रचारित-प्रसारित करने, पीएम से लेकर सीएम तक की अपील के बाद भी आरोग्य सेतु एप के प्रति लोगों के कम रुझान देखते हुए डीएम ने इसे शुक्रवार से इसे अनिवार्य कर दिया है।
उन्होंने निर्देश दिया है कि अब ई-पास भी उन्हीं को जारी होंगा जिनके मोबाइल में एप डाउनलोड होगा। गलत जानकारी देकर पास जारी करा लिया गया और जांच के दौरान एप नहीं मिला तो पास तो निरस्त होगा ही विधिक कार्रवाई भी होगी।