मृतका की फाइल फोटो और मौके पर जांच करती पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पिपराइच थाना क्षेत्र के सिंहोरिया गांव में 23 वर्षीय युवती नेहा भारती की संदिग्ध परिस्थितियों में हंसिए से गर्दन कटने के बाद मौत हो गई। परिजन जहां इसे हादसा बता रहे हैं, वहीं गांव में ऑनर किलिंग की आशंका जताते हुए तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस हादसा और ऑनर किलिंग दोनों एंगल पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सिंहोरिया गांव निवासी नेहा भारती शुक्रवार पूर्वांह्न 11 बजे हंसिए से गर्दन कट जाने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में करीब एक घंटे तक इलाज चलने के बाद दोपहर करीब एक बजे नेहा की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पिपराइच पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंच गई और परिजनों से पूछताछ की। युवती की मां मनोरमा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सुबह वह अपनी बेटी के साथ खेत की ओर गई थीं। वहां से लौटने के बाद घर पर नेहा फिसलकर गिर गई और जमीन पर रखा हंसिया उसकी गर्दन में लग गया। इससे उसकी गर्दन कट गई। तुरंत उसकी गर्दन में तौलिया लपेटकर अस्पताल पहुंचाया गया।
हालांकि घटना के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीण युवती की हत्या की आशंका जता रहे हैं। कुछ लोग इसे ऑनर किलिंग के एंगल से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस को अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की परिस्थितियां संदिग्ध हैं, इसलिए हर पहलू पर जांच की जा रही है।
युवती की मां ने तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे का कार्रवाई की जाएगी: ज्ञानेंद्र कुमार, एसपी नार्थ
चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी नेहा
कमलेश भारती की दो बेटियां और दो बेटे हैं। नेहा दूसरे नंबर पर थी। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटे भाई अभी अविवाहित हैं। परिवार में कमलेश की 65 वर्षीय मां भी रहती हैं। नेहा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।