बड़हलगंज। दक्षिण कोरिया भेजने का झांसा देकर बेरोजगार युवक से करीब नौ लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर बड़हलगंज पुलिस ने दो आरोपियों विवेक पांडेय और अनूप पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोला थाना क्षेत्र के कोहड़ा बुजुर्ग निवासी निहाल चंद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह बेरोजगार है। नवंबर 2024 में उसकी मुलाकात बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बभनौली गांव निवासी विवेक पांडेय से हुई। बातचीत के दौरान विवेक पांडेय ने अपने परिचित अनूप कुमार पांडेय का नाम लेते हुए कहा कि वह वीजा दिलवाकर दक्षिण कोरिया भिजवा सकते हैं। इसके लिए कुल नौ लाख रुपये खर्च आने की बात कही गई। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों की बातों में आकर उसने अपनी जमीन बेच दी। अलग-अलग तिथियों में उनके बताए गए खातों में रकम ट्रांसफर की। साथ ही नकद भी दिए। निहाल चंद ने बताया कि 18 मार्च 2025 को अपने चाचा हरिकेश चंद के स्टेट बैंक खाते से छह लाख रुपये, सात मार्च 2025 को अपने एक्सिस बैंक खाते से 50 हजार रुपये और आठ मार्च 2025 को 1.5 लाख रुपये आरोपियों के खाते में भेजे। एक लाख रुपये नकद भी दिए।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे टिकट देकर फ्लाइट में बैठा दिया लेकिन सियोल एयरपोर्ट पहुंचते ही उसे वापस भेज दिया गया। जब उसने दोनों आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी सुनील राय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।