कौड़ीराम। गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर कस्बे में रविवार देर शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद युवक रोहित पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम रोहित और अनिल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद शांत होने के बाद जब रोहित घर लौट रहा था, तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे दूसरे पक्ष के एक युवक ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में रोहित के पेट के दोनों तरफ गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कौड़ीराम ले गए। वहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल से घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना पर 112 नंबर पुलिस और गजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच, गगहा कस्बा निवासी हमलावर और उसके परिजन घर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने रात में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्त में नहीं आया है। गगहा थाना प्रभारी सुशील कुमार चौरसिया ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है, इसलिए केस दर्ज नहीं हो सका है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।