गोरखपुर। कोतवाली क्षेत्र के दिलेजाकपुर स्थित शिव मंदिर में शुक्रवार सुबह एक युवक के कुएं में कूदने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, दिलेजाकपुर निवासी नरेश केसवानी (40) शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने कुएं पर लगी जाली तोड़कर उसमें छलांग लगा दी। कुएं में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। कुएं की गहराई और संकरी जगह होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। फायर कर्मियों ने रस्सियों और सुरक्षा उपकरणों की मदद से कुएं में उतरकर युवक को बाहर निकाला। परिजनों के मुताबिक, नरेश पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।