गगहा। सड़क हादसे में घायल बंधवा गांव निवासी सूरज पांडेय (35) की लखनऊ स्थित केजीएमयू में उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया तो पूरे गांव में मातम पसर गया। मां बेटे के शव से लिपटकर रो पड़ीं।
घटना एक मई की रात की है। सूरज पांडेय गांव के ही कृष्ण मोहन पांडेय के साथ बाइक से बरच्छा कार्यक्रम में शामिल होने बेदौली जा रहे थे। रास्ते में गगहा थाना क्षेत्र के परेसापार गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में कृष्ण मोहन के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि बाइक के पीछे बैठे सूरज के सिर में गहरी चोट लगी। बताया गया कि हादसे के समय सूरज ने हेलमेट नहीं पहना था। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। सूरज की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के केजीएमयू ले गए। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बृहस्पतिवार की रात उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं कृष्ण मोहन का इलाज गोरखपुर के एक अस्पताल में चल रहा है।
सूरज की मौत की खबर मिलते ही बंधवा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को अंतिम संस्कार के दौरान बड़हलगंज मुक्ति पथ पर लोगों की आंखें नम दिखीं। गांव के लोगों के मुताबिक सूरज बेहद मिलनसार स्वभाव के थे और हर किसी की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते थे। परिजनों ने बताया कि सूरज के पिता का कई साल पहले निधन हो चुका है। घर की पूरी जिम्मेदारी सूरज के कंधों पर थी। छोटा भाई ऋषभ कुछ दिन पहले रोजगार के सिलसिले में रूस गया है। इसके बाद मां की देखभाल और घर की जरूरतों का सहारा सूरज ही था।