गगहा इलाके का मामला, चार वर्ष पहले युवक के बड़े भाई ने भी की थी खुदकुशी
अमर उजाला ब्यूरो
गगहा (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के बड़गो गांव के एक युवक ने पेड़ में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि चार साल पहले युवक के बड़े भाई ने भी आत्महत्या कर ली थी।
जानकारी के मुताबिक, बड़गो निवासी कल्लू (23) पुत्र राधे सोनकर रविवार रात शराब के नशे में घर आया था। खाना खाने के बाद वह रात में परिजनों को बिना बताए घर से कहीं चला गया। सोमवार सुबह घर से थोड़ी दूर पर एक व्यक्ति ने आम के पेड़ से लटका कल्लू का शव देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव पेड़ से बंधे दुपट्टे के सहारे लटक रहा था। परिजनों को समझ में नहीं आ रहा कि ऐसा कदम उसने क्यों उठाया। पिता राधे सोनकर का कहना है कि चार वर्ष पहले उनके बड़े बेटे सुदामा ने भी गांव में एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया था।
कल्लू की अभी शादी नहीं हुई थी। वह मजदूरी करता था। उसका एक छोटा भाई शिवम और छोटी बहन खुशी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।