उनवल (गोरखपुर)। खजनी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत उनवल के संग्रामपुर वार्ड नंबर चार में सतीश कुमार निषाद (20) ने वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
जानकारी के अनुसार, सतीश कुमार निषाद कुसुम इंटर कॉलेज, उनवल से कक्षा 12 तक पढ़ाई की। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। वह तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि उसके पिता राम हजूर मुंबई में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय सतीश के मोबाइल में वीडियो रिकॉर्डिंग चालू थी। पुलिस ने सतीश का मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, ताकि घटना से पहले और दौरान की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
खजनी थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।