- रामगढ़ताल इलाके की घटना, अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में ऑटो से सफर कर रही एक महिला का जेवरात से भरा पर्स चोरी हो गया। मामले में पीड़िता की बहन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के सेंदुली बेदुली निवासी सुधा यादव ने बताया कि 21 दिसंबर की शाम उनकी बहन शारदा यादव, जो गगहा की निवासी हैं, आवश्यक कार्य से बाहर जाने के बाद उनके घर आ रही थीं। इस दौरान शारदा यादव ने सोने का हार, चेन, लॉकेट, बाली और दो अंगूठियां एक छोटे पर्स में रखकर कपड़े के बैग के बीच रखा था। वह गगहा से ऑटो में बैठकर कौड़ीराम पहुंचीं। वहां से वह रुस्तमपुर ढाला स्थित मेगामार्ट के सामने उतरीं और इसके बाद डोमवा ढाला जाने वाले एक अन्य ऑटो में सवार हुईं।
इस ऑटो में उनके साथ दो अन्य महिलाएं भी बैठी थीं। यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी का आभास नहीं हुआ। गंतव्य पर पहुंचकर जब शारदा यादव घर आईं और बैग खोला तो जेवरात से भरा पर्स गायब था। काफी तलाश के बावजूद जब पर्स नहीं मिला तो चोरी की आशंका हुई। पीड़िता का आरोप है कि ऑटो में साथ सफर कर रही अज्ञात महिलाओं ने ही चालाकी से पर्स निकाल लिया। घटना की जानकारी मिलने पर सुधा यादव ने रामगढ़ताल थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ऑटो के रूट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
केस-1
दिसंबर 2025 में पिपराइच से सूरजकुंड लौट रही एक महिला की ऑटो में बैठी महिलाओं ने बातचीत में उलझाकर सोने की चेन चोरी कर ली थी। पीड़िता के बेटे सूरज यादव की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने घटना के दस दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। वारदात की तस्वीर चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी।
केस-2
जून 2025 में चौरीचौरा थाना क्षेत्र के ग्राम फुलवरिया के टोला कुर्मी से ऑटो में सवार होकर ससुराल जा रही महिला के बैग से करीब तीन लाख रुपये के गहने चोरी हो गए थे। देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के सकरापार निवासी स्मिता ने आरोप लगाया था कि चालक ने पीछे जगह न होने की बात कहकर बैग अपने पास आगे रख लिया था। ससुराल पहुंचने पर जब बैग खोला गया तो उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र, झुमका समेत अन्य जेवर और दो हजार रुपये गायब थे।
केस-3
जून 2025 में चौरीचौरा थाना क्षेत्र के भोपा बाजार से मुंडेरा बाजार जाने वाले मार्ग पर चूड़ी खरीद रही एक महिला के पर्स से चोरों ने 10 हजार रुपये नकद समेत करीब तीन लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे। सिद्धार्थनगर जिले के उस्का गांव निवासी शीला देवी अपने मायके चौरीचौरा क्षेत्र के गौनर गांव के मौनहाडीह टोला में भाई की शादी में शामिल होने आई थीं। आठ जून को शादी थी। अगले दिन वह ऑटो से भोपा बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर उतरीं और वहां से कुछ दूर पैदल चलकर एक दुकान पर चूड़ी खरीदने लगी थीं, तभी उनके पर्स से चोरी की घटना हुई।