कैंट थाना क्षेत्र में वर्दीधारी सिपाही को महिला की ओर से थप्पड़ लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नशे में धुत महिला, पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़कर लगातार थप्पड़ मारती दिख रही है। मामले में इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी पुलिस ने महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।
इसके बाद दो महिला और दो पुरुषों का शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया। पुलिस के मुताबिक, सिपाही को फंसाने के लिए हंगामा कर रही महिला ने अपनी कुर्ती खुद फाड़ ली थी। यह घटना कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी के पास स्थित सिंघड़िया मॉडल शॉप के सामने 28 नवंबर की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, उस दिन एक मॉडल शॉप के सामने महिला शराब के नशे में हंगामा कर रही थी। सूचना मिलने पर इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी से एक सिपाही मौके पर पहुंचा और महिला को शांत कराने की कोशिश करने लगा। पुलिस का दावा है कि सिपाही के समझाने के बावजूद वे हंगामा करते रहे।
इसी दौरान महिला ने अचानक अपनी कुर्ती फाड़ ली और सिपाही पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए उस पर हमला कर दिया। महिला ने सिपाही का कॉलर पकड़ लिया और उस पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। घटना के समय वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले में इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी पुलिस ने महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद दो महिला और दो पुरुषों का शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया।