- बेलीपार के मझिगावा गांव की घटना, लंबे समय से बीमार चल रही थीं चंदा देवी
कसिहार। बेलीपार थाना क्षेत्र के रुद्राइन उर्फ मझिगावा गांव में मंगलवार रात चंदा देवी (35) ने पांच माह के बच्चे को छोड़कर कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी चंदा देवी ने देर रात घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में छत की कुंडी से अंगोछे का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। बताया गया कि खाना खाने के बाद चंदा अपने पति और दोनों बच्चों के साथ बरामदे में सो रहीं थीं। रात में जब पति प्रमोद विश्वकर्मा की नींद खुली तो उन्होंने पत्नी को पास नहीं पाया। इसके बाद उन्होंने घर में तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह ऊपरी मंजिल पर पहुंचे, जहां चंदा फंदे से लटकी हुई मिलीं। पति के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
चंदा देवी के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा राज (14) और छोटा बेटा ऋषभ (5 माह) है। घटना की सूचना मायके पक्ष को भी दे दी गई है। पति प्रमोद के अनुसार, उनकी पत्नी काफी समय से बीमार थीं और उनका इलाज चल रहा था। हाल ही के दिनों में उन्हें पीलिया की शिकायत भी हुई थी। प्रमोद बंगलूरू में पाइपलाइन का काम करते हैं और पत्नी की तबीयत खराब होने के चलते एक माह पहले ही घर लौटे थे।
इस संबंध में थाना प्रभारी विशाल कुमार सिंह ने बताया कि महिला ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। मामले की जांच चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा।