- चालक हिरासत में, चौरीचौरा, अरुणाचल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी को रोका गया
- चौरीचौरा रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे क्राॅसिंग गेट संख्या 146बी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सरदारनगर। चौरीचौरा रेलवे स्टेशन से पूर्वी गेट संख्या 146-बी पर शुक्रवार की भोर में 4.35 बजे बालू लदा ट्रक रेलवे ट्रैक को पारकर करते समय फंस गया। जेसीबी की मदद से ट्रक को ट्रैक से हटाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। इस दौरान दो ट्रेन और एक मालगाड़ी को दूसरे स्टेशन पर रोकना पड़ा। उधर, ट्रक चालक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक जब रेलवे क्रासिंग को पार कर रहा था उसी समय कमानी अचानक टूट गई और बालू लदा ट्रक ट्रैक के बीच फंस गया। जेसीबी लगाकर ट्रक को खाली कराया गया। हालांकि, इस दौरान आने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस, अरुणाचल सुपरफास्ट एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी सरदारनगर व चौरीचौरा स्टेशन पर रोका दिया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रक के हटने के बाद रेल यातायात बहाल हो सका। आरपीएफ देवरिया के इंस्पेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।