- योजना निर्माण में शामिल की जाएगी एम्स, डीडीयू और एमएमएमयूटी के विशेषज्ञों की टीम
गोरखपुर। नगर निगम सभागार में सिटी हीट वेव एक्शन प्लान निर्माण एवं क्रियान्वयन के लिए गठित समिति की बैठक शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने बताया कि सिटी हीट वेव एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है।
एडीएम विनीत सिंह ने कहा कि हीट वेव एक्शन प्लान अत्यधिक गर्मी व लू के प्रतिकूल प्रभावों को कम करने के लिए तैयार की गई एक व्यापक रणनीति है। इसका मुख्य उद्देश्य गर्मी से लोगों को बचाना व स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को कम करना है। साथ ही जनजागरूकता के माध्यम से चेतावनी प्रणाली को लागू करना है। इसका मुख्य उद्देश्य मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के आधार पर जनता को समय पर सतर्क करना भी है। इतना ही नहीं इसमें अस्पतालों में लू संबंधी बीमारियों के इलाज और दवाओं की व्यवस्था करना प्रमुख होता है।
जिला आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि 40 डिग्री से अधिक तापमान के दिन 2020 में शून्य था, जो 2021 में छह रहा। यह अब बढ़कर 39 दिवस तक पहुंच गया है। योजना के निर्माण में एम्स, एमएमएमयूटी व दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों की टीम शामिल की जाएगी।